-16 सितंबर को दादरी से सूरजपुर जिला मुख्यालय तक होगी पदयात्रा
-डीएम ऑफिस पर राष्ट्रपति के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: आरक्षण व्यवस्था और UGC से जुड़े प्रावधानों के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के अधिवक्ता सूरजपुर जिला मुख्यालय पहुंचे और डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने UGC रोल बैक के नारे लगाते हुए DM के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को आगामी 16 सितंबर को दादरी से सूरजपुर जिला मुख्यालय तक प्रस्तावित पदयात्रा की जानकारी भी दी गई। आयोजकों ने बातया कि 16 सितंबर को सुबह 10 बजे दादरी से हजारों लोग पदयात्रा शुरू करेंगे। जिला मुख्यालय पहुंचकर आरक्षण व्यवस्था एवं UGC से जुड़े प्रावधानों के विरोध में राष्ट्रपति के नाम DM को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

आरक्षण बना नासूर
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व डीजीसी सिविल देवीशरण शर्मा ने कहा कि UGC और आरक्षण, समाज के लिए नासूर बन गए हैं। UGC सवर्ण समाज के युवाओं के लिए गले का फंदा बन गया है, जबकि आरक्षण के कारण प्रतिभाओं को समान अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। इसे लेकर समाज में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 16 सितंबर की पदयात्रा के माध्यम से समाज अपनी मांगों को मजबूती से उठाएगा। कपिल शर्मा एडवोकेट ने कहा कि हम किसी जाति अथवा धर्म के विरोधी नहीं हैं। हमारी मांग है कि पीड़ित, शोषित और वास्तविक जरूरतमंदों को आरक्षण का लाभ मिले, लेकिन उसका आधार आर्थिक होना चाहिए। वर्तमान व्यवस्था में आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस अवसर पर प्रमोद शर्मा एडवोकेट, हेमंत राघव एडवोकेट, परमानंद कौशिक एडवोकेट, विवेक रावल एडवोकेट, अरुण रावल एडवोकेट, संजय शर्मा एडवोकेट, विवेक गुप्ता एडवोकेट, भूपेंद्र शर्मा एडवोकेट, सचिन शर्मा एडवोकेट, आदेश शर्मा एडवोकेट, सुमित शर्मा एडवोकेट, मोहित पाराशर एडवोकेट और मनोज गोयल एडवोकेट सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
