द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दादरी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले दो आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 35.50 ग्राम स्मैक और 6,275 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद स्मैक की कीमत करीब 3.53 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि पहली कार्रवाई में ग्राम घोड़ी बछेड़ा निवासी नाजिम मलिक पुत्र अजीज मलिक को फोर्मी कंपनी के पीछे वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 15.20 ग्राम स्मैक और 3,005 रुपये नकद मिले। मामले में दादरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो अलग अलग कार्यवाही हुई
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने यशपाल रावल उर्फ बड़े पुत्र प्रमोद कुमार उर्फ पप्पू रावल को बिरयानी पुलिया के पास सेक्टर ज्यू-2 की सर्विस रोड, चौकी अजायबपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके पास से 20.30 ग्राम स्मैक और 3,270 रुपये नकद बरामद हुए। यशपाल की उम्र करीब 22 वर्ष है। उसके खिलाफ दादरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक यशपाल के खिलाफ वर्ष 2025 में भी दादरी थाने में बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
