द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 600 ग्राम सफेद पाउडर (एमडीएमए), एक लाख 19 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को तिलपता चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान आइवरी कोस्ट निवासी पीटर (47) और घाना निवासी माइकल (56) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में सूरजपुर क्षेत्र स्थित पैरामाउंट सोसायटी के पाईन टावर में रह रहे थे।

यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने दोनों के कब्जे से 300-300 ग्राम के दो पैकेट में कुल 600 ग्राम सफेद पाउडर, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो पासपोर्ट, दो प्लास्टिक पॉलीथिन पैकेट, दो मोबाइल फोन, दो बैग और एक लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार बरामद सफेद पाउडर को एमडीएमए (मेथामफेटामाइन) बताया गया है। मामले में सूरजपुर थाने में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।