-इंजीनियर्स डे के अवसर पर विशेष वर्कशॉप का आयोजन
-250 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में लिया हिस्सा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित एक्यूरेट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में इंजीनियर्स डे के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए एक विशेष वर्कशॉप एवं प्रेजेंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का केंद्र Artificial Intelligence (AI), Research & Innovation और विषय स्मार्ट Cities रहा। जिसमें विद्यार्थियों ने तकनीक के माध्यम से भविष्य के शहरों को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित, टिकाऊ, साफ़-सुथरा, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, विद्युतीकरण, स्वास्थ्य और नागरिक-केंद्रित बनाने से जुड़े अपने अभिनव विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में 250 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यार्थियों ने AI के विभिन्न उपयोगों को स्मार्ट सिटी की अवधारणा से जोड़ते हुए ट्रैफिक मैनेजमेंट, स्मार्ट सिक्योरिटी, ऊर्जा प्रबंधन, सार्वजनिक सुविधाओं, डेटा आधारित निर्णय प्रणाली तथा शहरी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने से संबंधित अपने विचार और प्रस्तुतियां साझा कीं।

रिसर्च पर दिया बल
इस अवसर पर एक्यूरेट इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. सुनील मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इंजीनियर किसी भी विकसित राष्ट्र की प्रगति के प्रमुख आधार होते हैं। उन्होंने कहा कि Research और Innovation केवल तकनीकी विकास के साधन नहीं हैं, बल्कि किसी देश की आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी प्रगति के लिए आवश्यक आधार हैं।उन्होंने भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया (Sir M. Visvesvaraya) के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि भारत में इंजीनियरिंग, तकनीकी उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी स्मृति और इंजीनियरिंग एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने के लिए प्रत्येक वर्ष 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे मनाया जाता है। विभागाध्यक्ष डॉ एसएल राजपूत ने कहा कि भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में इंजीनियरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। देश को नई तकनीकों, स्वदेशी समाधान और नवाचार की आवश्यकता है। ऐसे में इंजीनियरों को केवल नौकरी की तलाश करने वाले पेशेवरों के रूप में नहीं, बल्कि समस्या समाधानकर्ता, शोधकर्ता, नवप्रवर्तक और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले professionals के रूप में आगे आना होगा। एक्यूरेट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की चेयरपर्सन पूनम शर्मा ने सभी इंजीनियरों एवं इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में Research, Innovation और नई तकनीकों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि आज के युवा इंजीनियर देश के भविष्य के निर्माता हैं और उन्हें पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर ऐसे समाधान विकसित करने चाहिए जो समाज और देश के विकास में वास्तविक योगदान दे सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, प्रयोग करने और शोध के प्रति जिज्ञासु बने रहने का संदेश दिया।


