-शहर में अन्य स्थानों पर भी डेकोरेटिव लाइटें लगाने की मांग
-प्राधिकरण की टीम विभिन्न स्थानों पर करेगी निरीक्षण
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा:इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA)के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह मुलाकात की। औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट एवं डेकोरेटिव लाइट के क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि में ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। घंटा चौक, सूरजपुर से लेकर एलजी गोलचक्कर तक डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट की स्थापना से उद्यमियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
बैठक के दौरान औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। IBA ने सुझाव दिया कि बिसरख गोलचक्कर, चौगानपुर गोलचक्कर, घंटा चौक, सूरजपुर, एलजी गोलचक्कर से होते हुए पी-3 गोलचक्कर तक सभी प्रमुख गोलचक्करों पर डेकोरेटिव लाइटें स्थापित की जाएं। साथ ही सभी औद्योगिक क्षेत्रों के एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट्स पर भी आकर्षक डेकोरेटिव लाइटें लगाई जाएं।
बंद स्ट्रीट लाइट चालू कराने की मांग
IBA के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, उन्हें तत्काल चालू कराया जाए तथा जहां अभी भी डार्क ज़ोन हैं, वहां नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएं, ताकि संपूर्ण औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्र सुरक्षित, प्रकाशमय एवं आकर्षक बन सके। प्रेरणा सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्राधिकरण इस दिशा में पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर तक वह स्वयं विभिन्न औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। साथ ही प्रतिदिन शाम 6 से रात्रि 12 बजे तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्ट्रीट लाइट एवं डेकोरेटिव लाइटों की स्थिति का परीक्षण करेगी। जहां भी आवश्यकता होगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय के साथ कार्यकारिणी सदस्य सिमरन खत्री, कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर तथा NIET कॉलेज के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. नरेश कुमार भी उपस्थित थे।
