-आठ स्कूलों के 152 कार्यक्रम की 4077 सीटों पर होगा प्रवेश
-इस बार CUET स्कोर के आधार पर भरी जाएंगी 50 प्रतिशत सीट
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ हो गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रमों, नई पहलों, सीटों की उपलब्धता तथा छात्र-केंद्रित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, डीन अकादमिक प्रो. राजीव वर्शनेय ने बताया कि सत्र 2026–27 में विश्वविद्यालय आठ स्कूलों के अंतर्गत कुल 152 कार्यक्रमों में प्रवेश प्रदान करेगा, जिनमें कुल 4077 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें 55 स्नातक कार्यक्रमों में 2620 सीटें, 61 स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में 1265 सीटें, 3 डिप्लोमा/प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में 70 सीटें, 12 लेटरल एंट्री कार्यक्रमों में 20 से अधिक सीटें तथा 21 पीएच.डी. कार्यक्रमों में 102 सीटें शामिल हैं। इस वर्ष विश्वविद्यालय ने पांच नए कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं, जो उद्योग और समाज की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप हैं। इनमें मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट लिमिटेड के सहयोग से एम.एससी. न्यूक्लियर मेडिसिन (10 सीटें), एम.एससी. जियोस्पेशियल एवं डेटा साइंस (20 सीटें), पुनर्वास परिषद भारत (RCI) द्वारा अनुमोदित एडवांस्ड डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग (25 सीटें), सीबीआरआई रुड़की के सहयोग से पीजी डिप्लोमा इन हेरिटेज रिस्टोरेशन एवं मैनेजमेंट (25 सीटें) तथा जिम इंस्ट्रक्टर एवं जिम मैनेजमेंट में 3 माह का प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम (20 सीटें) शामिल हैं।
पुस्तिका का विमोचन
कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति और छात्र सफलता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान प्रवेश पुस्तिका का विमोचन और ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल का शुभारंभ किया गया। प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे जागरूक, कुशल और नैतिक नागरिक तैयार करना है जो समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दें। सत्र 2026–27 के लिए हमारी नई पहलें छात्रों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। कुलसचिव ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया को पूर्णत पारदर्शी, डिजिटल और छात्र-अनुकूल बनाया है। समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन से लेकर चयन तक की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध किया गया है। प्रवेश समन्वयक डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को तीन प्रमुख माध्यमों—प्रत्यक्ष प्रवेश, GBU-ET 2026 और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं—के माध्यम से संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सके। प्रवेश प्रक्रिया तीन माध्यमों से संचालित की जाएगी—प्रत्यक्ष प्रवेश, विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (GBU-ET 2026) तथा राष्ट्रीय/राज्य स्तर की परीक्षाओं जैसे CUET, CAT, MAT, NATA, CLAT और JEE के माध्यम से। विशेष रूप से, वर्ष 2026–27 से विश्वविद्यालय CUET के साथ सहभागी संस्थान बन गया है, जिसके अंतर्गत 50 प्रतिशत तक सीटें CUET स्कोर के आधार पर भरी जाएंगी। नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा एजुकेशन सोसायटी से संबद्ध विद्यालयों के छात्रों को ट्यूशन फीस में 20 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।


