द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का दायरा और बढ़ गया है। बुधवार से इंडिगो एयरलाइंस ने 11 नए शहरों के लिए अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। इनमें नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, भोपाल, देहरादून, पंतनगर, धर्मशाला, लखनऊ, जयपुर, चंडीगढ़ और बरेली शामिल हैं। वहीं, किशनगढ़ के लिए सप्ताह में तीन दिन उड़ान संचालित की जाएगी।

इससे पहले एयरपोर्ट से हैदराबाद, बेंगलुरु, अमृतसर और जम्मू के लिए इंडिगो की नियमित उड़ानें उपलब्ध थीं। नए रूट शुरू होने के बाद अब यात्रियों को कुल 16 शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा का विकल्प मिलेगा।

यात्रियों की लगातार बढ़ रही है संख्या
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन भी बढ़ाया गया है। प्रतिदिन टेकऑफ और लैंडिंग करने वाले विमानों की संख्या बढ़कर करीब 48 हो जाएगी। इसके मद्देनजर यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड और एयरलाइन कंपनियों ने आवश्यकतानुसार अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती भी कर दी है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा अनुभव देने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

वहीं, अकासा एयर फिलहाल नोएडा एयरपोर्ट से केवल नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानें संचालित कर रही है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी यहां से सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रखी है, हालांकि कंपनी ने अभी अपने संचालन की तिथि घोषित नहीं की है।