द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में प्रबंधन और आउटसोर्स कर्मचारियों के बीच करीब 15 दिनों से चल रहा विवाद बुधवार को जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। इसके बाद बुधवार को लगभग सभी आउटसोर्स कर्मचारी अस्पताल में अपनी ड्यूटी पर लौट आए। कर्मचारियों की वापसी से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं।
जिम्स प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों के लौटने से मरीजों को पहले की तुलना में बेहतर और सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। पिछले कुछ दिनों से कर्मचारियों के विरोध के कारण अस्पताल के कई विभागों का काम प्रभावित हो रहा था, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
5 सफल ऑपेरशन हुए
बुधवार को कर्मचारियों की वापसी का असर अस्पताल की कार्यप्रणाली में भी दिखाई दिया। ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में सी-सेक्शन सहित कुल पांच सफल ऑपरेशन किए गए। इसके अलावा ओपीडी, वार्ड, लैब और अन्य जरूरी सेवाओं में भी व्यवस्था पहले से बेहतर रही। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि अब सभी विभागों में कार्य सामान्य रूप से संचालित किया जा रहा है और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि विवाद समाप्त होने के बाद अस्पताल का माहौल पूरी तरह सामान्य रहेगा और स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार होगा। वहीं, कर्मचारियों ने भी आपसी सहमति और प्रशासन के आश्वासन के बाद काम पर लौटकर मरीजों के हित में सेवाएं जारी रखने का भरोसा दिया है। जिम्स प्रशासन ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसी दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
