द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, नॉलेज पार्क-III, ग्रेटर नोएडा में इंटरैक्ट क्लब के शपथ ग्रहण एवं पदस्थापना समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सेवा भाव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। रोटरी क्लब के पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन द्वारा नवगठित इंटरैक्ट क्लब की कार्यकारिणी का विधिवत पदस्थापन एवं शपथ ग्रहण समारोह कराया गया। स्‍कूल की निदेशिका कंचन कुमारी ने विद्यार्थियों को समाज सेवा के माध्यम से जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

समीरा बनी अध्‍यक्ष
इंटरैक्ट क्लब में समीरा को अध्यक्ष, भाव्या शर्मा को उपाध्यक्ष, शौर्य को सचिव, कनक ओझा को कोषाध्यक्ष, अश्मित को सार्जेंट-एट-आर्म्स, सम्पृति को टेक्निकल डायरेक्टर, निशी को कम्युनिटी सर्विस डायरेक्टर, सीरत को मीडिया रिपोर्ट्स डायरेक्टर, अक्षिता को ऑडिटोरियल डायरेक्टर तथा मानवी को कल्चरल डायरेक्टर की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय, समाज एवं राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ एवं संकल्प लिया। प्रधानाचार्या डॉ. हीमा शर्मा ने नव-निर्वाचित परिषद को आत्मविश्वास, समर्पण एवं नेतृत्व क्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया। यह समारोह नेतृत्व, सेवा और उत्कृष्टता की भावना को सुदृढ़ करते हुए अत्यंत प्रेरणादायक वातावरण में हुआ। समारोह में रोटरी क्लब के पदाधिकारियों रोटेरियन रचना, रोटेरियन मुकुल गोयल, रोटेरियन मोहित बंसल, मनु जिंदल, कपिल गर्ग सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।