द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान कानपुर देहात निवासी अजय सिंह के रूप में हुई है। वह ग्रेटर नोएडा में किराये के मकान में रहकर ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में अजय ने पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

9 फरवरी को किया था प्रेम विवाह
वीडियो में अजय ने बताया कि उसने नौ फरवरी को प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद उसकी पत्नी अन्य युवकों से फोन पर बातचीत करती थी। कॉल हिस्ट्री से इसकी जानकारी होने पर अजय ने पत्नी को ऐसा करने से मना किया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा और पत्नी पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।अजय ने वीडियो में कहा कि वह इन परिस्थितियों से परेशान होकर अपनी जिंदगी खत्म कर रहा है। उसने अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार बताया। परिजनों के अनुसार अजय की पत्नी करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके उन्नाव चली गई थी।सूचना मिलने पर बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।