द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस ने चेन स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, पीली धातु की दो टूटी हुई चेन, दो अवैध चाकू और 15,500 रुपये बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-54 स्थित जैन पेट्रोल पंप के पास कच्चे रास्ते से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान दिल्ली के कल्याणपुरी निवासी विशाल उर्फ गोल्डी (30) और मोहित उर्फ प्रिंस (19) के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। तलाशी के दौरान उनके पास से हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (यूपी 52 एएन 4976), दो टूटी हुई पीली धातु की चेन, दो चाकू और 15,500 रुपये बरामद हुए।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-24 थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।