द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 93वीं बोर्ड बैठक सोमवार को हुई। बैठक में क्षेत्र के विकास, औद्योगिक निवेश, नागरिक सुविधाओं के रखरखाव, कचरा प्रबंधन और किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्राधिकरण ने दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता के लिए कॉर्पस फंड बनाने के साथ ही मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, इंडस्ट्रियल नोड और इंटरनेशनल ट्रेड सिटी विकसित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया है।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 14 सितंबर तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 4222.37 करोड़ रुपये रही हैं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 182.35 प्रतिशत अधिक हैं। औद्योगिक और मिक्स लैंड योजना से 2420.7 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई है। वहीं, इस अवधि में प्राधिकरण का कुल व्यय 5501.71 करोड़ रुपये रहा।
नागरिक सुविधाओं के रखरखाव के लिए बनेगा कॉर्पस फंड
क्षेत्र में विकसित नागरिक सुविधाओं के दीर्घकालिक रखरखाव और वित्तीय स्थिरता के लिए YEIDA Corpus Fund Investment Regulation 2026-27 तैयार किया गया है। इसके तहत वन टाइम लीज रेंट और अन्य गैर-आवर्ती आय को अलग कॉर्पस फंड में रखा जाएगा। इससे मिलने वाले ब्याज और अनुमन्य राशि का इस्तेमाल सड़क, जलापूर्ति, सीवर, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, पार्क और ग्रीन बेल्ट समेत अन्य नागरिक सुविधाओं के रखरखाव पर किया जाएगा।
लॉजिस्टिक्स पार्क के लिए ई-नीलामी को मंजूरी
मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने और पात्र निवेशकों को ई-नीलामी के माध्यम से भूखंड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को मंजूरी दी गई है। प्राधिकरण के मुताबिक इससे क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आधुनिक सप्लाई चेन इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट के दक्षिण में 8000 हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल नोड
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दक्षिणी क्षेत्र में करीब 8000 हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल नोड विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। मास्टर प्लान तैयार करने के लिए कंसल्टेंट के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके विकसित होने से क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, रोजगार और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिलने की बात प्राधिकरण ने कही है।
यीड़ा क्षेत्र में बनेगी इंटरनेशनल ट्रेड सिटी
यीड़ा क्षेत्र में चीन के यीवू इंटरनेशनल ट्रेड सिटी की तर्ज पर इंटरनेशनल ट्रेड सिटी विकसित करने की पहल की जा रही है। इसमें क्षेत्र के औद्योगिक उत्पादों के प्रदर्शन, बिक्री और निर्यात के लिए बाजार उपलब्ध कराने की योजना है। इससे स्थानीय उद्योगों को नए बाजार और वैश्विक व्यापार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
295 औद्योगिक भूखंडों में 181 की लीज डीड पूरी
4000 वर्गमीटर से अधिक आकार के 295 औद्योगिक भूखंडों में से 181 की लीज डीड पूरी हो चुकी है। 152 आवंटियों को कब्जा दिया जा चुका है और 69 भूखंडों पर निर्माण शुरू हो गया है। 13 इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है। सेक्टर-28 के मेडिकल डिवाइस पार्क में 203 भूखंडों के सापेक्ष 123 भूखंड आवंटित किए गए हैं, जबकि 75 आवंटियों को कब्जा दिया जा चुका है और 28 भूखंडों पर निर्माण शुरू हो चुका है।
कचरा प्रबंधन के लिए बनेगा नया नियम
यीडा क्षेत्र में ठोस कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए Detailed Project Report तैयार कराई गई है। इसके साथ ही YEIDA Waste Management (Regulation & Control) Bye-Laws, 2026 का ड्राफ्ट तैयार किया गया है। इसे ड्राफ्ट गजट नोटिफिकेशन के रूप में प्रकाशित करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
10,069 किसानों को आरक्षण पत्र, 4978 भूखंड नियोजित
भूमि अधिग्रहण से प्रभावित पात्र किसानों को सात प्रतिशत भूखंड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की गई है। अब तक 10,069 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए जा चुके हैं और विभिन्न सेक्टरों में 4978 भूखंडों का नियोजन किया जा चुका है। किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर का लाभ देते हुए करीब 3142 करोड़ रुपये की अतिरिक्त प्रतिकर राशि वितरित की जा चुकी है।
पुरानी सहमति वाले किसानों के लिए भी निर्णय
बोर्ड की पिछली बैठक में भूमि खरीद के लिए गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर में नई दरें लागू करने की मंजूरी दी गई थी। इसके तहत 4558 रुपये प्रति वर्गमीटर और एक्सप्रेसवे सहित 4037 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से भूमि खरीद की जा रही है। जिन किसानों ने पुरानी दरों पर भूमि देने की सहमति दी थी, लेकिन 20 अगस्त 2026 तक विभिन्न कारणों से बैनामा नहीं करा सके, उनके मामले में संशोधित नई दरों के अनुसार बैनामा कराने का निर्णय लिया गया है।
