-ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में दो स्‍थानों पर बरती गई घोर लापरवाही
-बीच सड़क पर खंभा होने से दुर्घटना की आशंका

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सड़क निर्माण से पूर्व प्राधिकरण का इंजीनियरिंग विभाग सर्वे करता है। सड़क के बीच में यदि पेड़, खंभा या अन्‍य चीज आती है तो दुर्घटना की संभावना को देखते हुए उसे हटा दिया जाता है। लेकिन ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट में इंजीनियरिंग विभाग ने घोर लारवाही बरती। इरोस संपूर्णम सोसायटी के सामने सेक्टर-2 के एंट्री पर नई सड़क का निर्माण हुआ है। यहां सड़क के बीच दो स्‍थानों पर तीन खंभे आ रहे हैं। एक स्‍थान पर तो दो खंभे के बीच से ही सड़क निकाल दी गई है। गौतम बुद्ध नगर विकास समिति व ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट के लोगों ने घोर लापरवाही पर सवाल खड़ा किया है। दुर्घटना की संभावना को देखते हुए दोनों स्‍थान से खंभे हटाने की मांग की है।

मानकों की अनदेखी
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय का कहना है कि क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए बनाई जा रही सड़क पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी बेहद चिंताजनक है। इस प्रकार की गंभीर त्रुटियां देखकर प्रतीत होता है कि या तो कार्य में लापरवाही बरती गई है या फिर जानबूझकर ऐसी गलतियां छोड़ी गई हैं। यह भी समझ से परे है कि संबंधित कांट्रेक्टर द्वारा किए गए कार्य को प्राधिकरण ने किस आधार पर स्वीकृति दी और इसकी समीक्षा कैसे की गई। यदि समय रहते खंभों को नहीं हटाया गया तो भविष्य में यह गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। समिति के उपाध्यक्ष हिमांशु राजपूत ने कहा कि यह मार्ग आगे चलकर क्षेत्र के लोगों के लिए प्रमुख आवागमन मार्ग बनेगा। विशेष रूप से सर्दियों में घने कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने से यहां हादसों की आशंका और बढ़ जाएगी। उन्होंने मांग की कि सड़क के बीच मौजूद खंभों को शीघ्र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले व्यवस्था दुरुस्त हो सके।