द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही से शहर में जगह-जगह अव्‍यवस्‍था का बोलबाला है। व्‍यवस्‍था सुधारने के लिए प्राधिकरण के पास समय ही नहीं है। सेक्‍टर अल्‍फा दो आईथम गैलेरिया मॉल के पास पिछले लगभग 5 माह से पानी की पाइप लाइन लीकेज है। अब तक लाखों लीटर पानी के साथ ही आस-पास की काफी सड़क भी बर्बाद हो गई है। सड़क पर एक-एक फीट तक गड्ढ़े हो गए हैं, प्राधिकरण के संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास इतना भी समय नहीं है कि व्‍यवस्‍था को सुधार दें। अब पानी का लीकेज सही कराने के बाद सड़क को बनाने में भी लाखों रुपए व्‍यय होगा।


शहर में अव्‍यवस्‍था
पूर्व में देखने में आता था कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विभिन्‍न विभाग के अधिकारियों की टीम सतर्क रहती थी। समय-समय पर सेक्‍टरों का दौरा किया जाता था, लोगों के द्वारा की जाने वाली शिकायत का तत्‍काल संज्ञान लिया जाता था। समय-समय पर सेक्‍टर के लोगों के साथ वार्ता भी की जाती थी, अब वह दौर समाप्‍त हो गया। सेक्‍टर के लोग टूटी सड़क, पानी के लीकेज, बंद स्‍ट्रीट लाइट, जाम नालियां, सफाई न होने सहित तमाम शिकायतें करते रहते हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। अधिकारियों की इस लापरवाही के कारण सेक्‍टरों में अव्‍यवस्‍थाएं हावी होती जा रही हैं। इस कारण सेक्‍टर के लोगों में भारी नाराजगी व्‍याप्‍त है।