-सैलरी में 20 से 30 प्रतिशत तक हुआ इजाफा
-आदेश के तहत एक अप्रैल से लागू हो गया नया वेतनमान

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा में हुए श्रमिक आंदोलन के बाद प्रदेश सरकार ने श्रमिकों की सैलरी बढ़ाने का आदेश दिया था। अलग-अलग श्रेणी के कर्मचारियों की सैलरी में 20 प्रतिशत से अधिक का इजाफा हुआ था। सरकार के आदेश को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपने यहां पर भी लागू कर दिया है। आउससोर्सिंग कर्मचारियों की सैलरी में 20 से 30 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है। साथ ही कर्मचारियों को नियोक्ता द्वारा बराबर पीएफ अंश देना भी अनिवार्य होगा। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ईएसआई में भी अंशधारिता तय की गई है। बढ़ाई गई नई दर के तहत अब अकुशल श्रेणी में शामिल आउटसोर्सिंग पर तैनात कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन 21,634 रुपये मिलेगा। वेतन बढ़ने पर कर्मचारियों ने खुशी जताई है।

यह है नई दर
नए आदेश के तहत अब अकुशल वर्ग में शामिल पत्र वाहक, माली, हेल्पर, सफाई कर्मचारी, सहायक पंप ऑपरेटर व अन्य को 21,634 रुपये मासिक सैलरी मिलेगी। प्रयोगशाला सहायक, सुपरवाइजर, डीजी सेट ऑपरेटर, वाहन चालक आदि को अब 24,513 की जगह 26,964 रुपये वेतन मिलेगा। ड्राफ्टमैन ग्रेड-2 को 24,513 की जगह अब 26,964 रुपये वेतन मिलेगा। वैयक्तिक सहायक, लेखाकार ग्रेड-2, प्रोग्रामर ग्रेड-2, सहायक ग्रेड-2 को 25,916 की जगह 28,508 रुपये वेतन दिया जाएगा। सैनेटरी इंस्पेक्टर, सहायक प्रबंधक, सहायक विधि अधिकारी, टेक्निकल सुपरवाइजर को 33,993 की जगह 35,693 रुपये, मैनेजमेंट ट्रेनी व प्रबंधक-2 को 35,566 की जगह 37,344 रुपये, प्रबंधक नियोजन, सलाहकार, प्रबंधक-1 वैज्ञानिक, पर्यावरण अभियंता को 46,129 की जगह अब 48,436 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। नए वेतनमान से एजेंसी के माध्‍यम से काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारियों को लाभ होगा।