-किसानों को 40 भूखंडों का हुआ सीधा आवंटन
-किसानों ने जताया प्राधिकरण अधिकारियों का आभार
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सैनी गांव के 39 किसानों को छह फीसदी के 58 आबादी भूखंड आवंटित किए । प्राधिकरण के बोर्ड रूम में किसानों की मौजूदगी में ओएसडी गुंजा सिंह की अध्यक्षता में समान आकार वाले 18 भूखंडों का ड्रा कराया गया। यह भूखंड 17 किसानों के हैं। जबकि 40 भूखंडों का आकार भिन्न होने के कारण ड्रा कराने की जरूरत नहीं पड़ी। इन भूखंडों को किसानों के नाम सीधे आवंटित कर दिया गया। ज्ञात हो कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने किसानों की जमीनों का अधिग्रहण कई साल पहले किया था। आबादी भूखंड प्राप्त करने के लिए किसान लंबे समय से प्राधिकरण कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे। आबादी भूखंड मिलने पर किसानों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों का आभार जताया है।

सीईओ ने दिया था निर्देश
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आबादी भूखंड शीघ्र देने के निर्देश दिए थे। नियोजन विभाग और छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग ने आवंटन प्रक्रिया को पूरा कराया। प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह का कहना है कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड देना प्राधिकरण की पहली प्राथमिकता है। सैनी की तरह ही अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी के भूखंड शीघ्र आवंटित किए जाएंगे। ड्रा के दौरान ओएसडी गुंजा सिंह के अलावा नियोजन विभाग के प्रभारी महाप्रबंधक सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार व प्रबंधक कपिल तोंगड़ आदि लोग मौजूद थे।
