-साप्ताहिक बाजारों में घटनाओं को देते थे अंजाम
-गिरफ्तार जुनैद उर्फ बिट्टू पर पहले से दर्ज है 8 मुकदमा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा सेक्टर 142 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों की पहचान महेन्द्र और जुनैद उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। दोनों चोरों के पास से पुलिस ने चोरी के 18 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है। चोरों के द्वारा साप्ताहिक बाजारों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। साथ ही आरोपित लोगों के घरों की खुली खिड़की से भी मोबाइल व अन्य सामान चुरा लिया जाता था। जांच में पता चला है कि गिरफ्तार जुनैद उर्फ बिट्टू पर पहले से 8 मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
सस्ते दाम पर बेचते थे चोरी का सामान
थाना सेक्टर-142 पुलिस की टीम दोनो को चेकिंग के दौरान एफएनजी रोड के सर्विस रोड से गिरफ्तार किया है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह साप्ताहिक बाजारों और बस्तियों की रेकी करते थे। साथ ही अक्सर घरों की खुली खिड़कियों से मोबाइल और लैपटॉप चोरी कर लेते थे। चोरी के इन सामानों को वह राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते और प्राप्त पैसों को अपनी मौज-मस्ती पर खर्च करते थे। अपराध के लिए इस्तेमाल की जा रही स्कूटी भी चोरी की निकली। चोरों ने यह स्कूटी इसी साल 16 जनवरी को एडवांट गेट के पास से चुराई गई थी। गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। जुनैद उर्फ बिट्टू पर पहले से ही चोरी, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम जैसे करीब 8 मामले दर्ज हैं, जबकि महेन्द्र पर भी दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगा रही है।
