द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बादलपुर क्षेत्र के कचेड़ा गांव स्थित एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी के लेबर कैंप में गुरुवार को एलपीजी गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से टीनशेड की कई झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। दमकल की छह गाड़ियों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि या घायल नहीं हुआ।
गैस सिलेंडर में हुआ था रिसाव
लेबर कैंप की एक टीनशेड झोपड़ी में रखे छोटे घरेलू एलपीजी सिलेंडर में गैस रिसाव हो गया। इसके बाद सिलेंडर में विस्फोट होने से आग तेजी से फैल गई और आसपास की अन्य झोपड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए नोएडा और गाजियाबाद से दमकल की कुल छह गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे CFO
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। इसी कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
