द न्यूज गली, नोएडा :थाना सेक्टर-126 पुलिस ने पीजी और फ्लैट्स में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तमिलनाडु निवासी बालन गोविन्दन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से छह लैपटॉप, सात स्मार्टफोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल, 12,500 रुपये नकद, एक अवैध चाकू, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी से चोरी की तीन वारदातों का खुलासा हुआ है।
ऐसे करता था वारदात
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर-128 स्थित एक पीजी में रहने वाले विशाल आडभाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कमरे का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर चार लैपटॉप, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस चोरी कर ले गया। शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-131 स्थित पुश्ता रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से नोएडा-एनसीआर में सक्रिय था। वह छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के पीजी, फ्लैट और किराये के मकानों की रेकी करता था। जहां दरवाजा खुला मिलता या सुरक्षा में लापरवाही दिखती, वहां से लैपटॉप और मोबाइल चोरी कर फरार हो जाता था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए वह रेकी के दौरान ओला और रैपिडो जैसी ऐप आधारित बाइक सेवाओं का इस्तेमाल करता था। चोरी का सामान वह राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देता था या पार्सल के जरिए तमिलनाडु भेज देता था। पकड़े जाने के डर से वह अपने पास हमेशा एक अवैध चाकू रखता था। पुलिस बरामद अन्य सामान और आरोपी के नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।
