-गोवंश के संरक्षण एवं देखभाल की होगी सुविधा
-भूमि पूजन के बाद गौशाला में लगाए गए पौधे

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जेवर कस्‍मे में गोवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं बेहतर देखभाल की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लगभग 02 करोड़ रुपये की लागत से गौशाला का निर्माण किया जाएगा। मंगलवार को विधायक धीरेंद्र सिंह ने गौशाला का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया। पूजा के बाद गौशाला में पौधे लगाए गए। गौशाला में गोवंश के संरक्षण व देखभाल की सुविधा होगी। इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि गौसेवा हमारी संस्कृति, संस्कार और जिम्मेदारी है। गौशाला का निर्माण गोवंश के लिए बेहतर आश्रय एवं संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जेवर में विकास के साथ सेवा और संवेदना का संकल्प भी निरंतर आगे बढ़ रहा है।

नई ऊंचाइयां छू रहा जेवर
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के साथ जनकल्याण और गौसेवा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इसी भावना के अनुरूप जेवर विधानसभा क्षेत्र में भी ऐसे कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जो समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को मजबूत करते हैं। गौशाला का निर्माण पूर्ण होने के उपरांत गोवंश के संरक्षण एवं देखभाल के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल कस्बा जेवर में गौसेवा की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ लोगों में गोवंश के प्रति सम्मान और संवेदना की भावना को भी मजबूत करेगी। कहा कि जेवर विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। हमारा संकल्प है कि जेवर को विकसित, आत्मनिर्भर और संवेदनशील विधानसभा क्षेत्र के रूप में नई पहचान दिलाई जाए। इस अवसर पर नगर पंचायत जेवर अध्यक्ष नारायण महेश्वरी, अधिशासी अधिकारी विराज कुमार त्रिपाठी, मोनू गर्ग, महेंद्र प्रसाद शर्मा, हरिदत्त शर्मा, नीरज गोयल, अरविंद चौधरी, पिंटू कुमार सहित अन्‍य लोग उपस्थित थे।