द न्यूज गली, नोएडा : एक्सप्रेस-वे थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी सागर यादव (21) और उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी सोनू कुमार (25) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में सेक्टर-135 स्थित वाजिदपुर गांव में रह रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की छह मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल आई-10 कार, आईफोन-13 प्रो, 1300 रुपये नकद और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि 16 सितंबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर छपरौली टी-प्वाइंट, सेक्टर-168 के पास कार्रवाई की गई। इसी दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में सागर के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ, जबकि सोनू के पास से अवैध चाकू मिला।
कार से करते थे बाइक की रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आई-10 कार से दिल्ली-एनसीआर में घूमकर मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर बाइक चोरी कर उसे सुनसान स्थान पर झाड़ियों में छिपा देते थे। बाद में चोरी की मोटरसाइकिलों को सस्ते दाम में बेचकर रुपये कमाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने पास अवैध हथियार भी रखते थे।
