द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (AIMT), ग्रेटर नोएडा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई। संस्थान के सभी विद्यार्थियों एवं NSS स्वयंसेवकों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा संस्थान परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सफाई अभियान में भाग लेते हुए स्वच्छता के महत्व का संदेश दिया। स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता से जुड़े नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छ वातावरण के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

नुक्कड़ नाटक का मंचन
कार्यक्रम में ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर जागरूकता-प्रधान नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाली व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं के बारे में जागरूक किया। प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक मेजर जनरल डॉ. राजेंद्र बाना (सेवानिवृत्त), रजिस्ट्रार कर्नल दिनेश त्यागी एवं NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने स्वच्छता और नशामुक्ति जैसे सामाजिक विषयों के प्रति उनकी जागरूकता एवं जिम्मेदारी को प्रदर्शित किया। NSS इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।


