द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत जल शुल्क के बकाए पर ब्याज में 40 फीसदी छूट पाने का मंगलवार (30 जून) आखिरी दिन है। इसके बाद एक जुलाई से 31 जुलाई तक ब्याज पर केवल 30 फीसदी और एक से 31 अगस्त तक 20 फीसदी छूट मिलेगी।
प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बोर्ड बैठक में तीन माह के लिए ओटीएस योजना लागू की गई है। इसके तहत बकाएदार निर्धारित अवधि में भुगतान कर ब्याज में छूट का लाभ उठा सकते हैं। 31 अगस्त के बाद यह योजना स्वत: समाप्त हो जाएगी।
290 करोड़ है बकाया
प्राधिकरण के अनुसार, विभिन्न श्रेणी के आवंटियों पर जल शुल्क का करीब 290 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें बिल्डर सोसाइटियों पर लगभग 146 करोड़, आवासीय आवंटियों पर 65 करोड़, संस्थागत श्रेणी पर 50 करोड़, उद्योगों पर 14.61 करोड़ और आवासीय समितियों पर 10 करोड़ रुपये बकाया हैं। शेष राशि आईटी और कॉमर्शियल आवंटियों पर है।
प्राधिकरण ने बताया कि सीईओ एनजी रवि कुमार की पहल पर इस वर्ष जल मूल्य में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि पहले हर साल 10 फीसदी की वृद्धि की जाती थी। अधिकारियों ने बकाएदारों से 30 जून तक भुगतान कर 40 फीसदी ब्याज छूट का लाभ लेने की अपील की है।
