द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: Honda India Foundation की CSR पहल के अंतर्गत विकसित किए जा रहे होंडा बायोडायवर्सिटी पार्क, रबूपुरा में विशेष पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान होंडा के वॉलंटियर्स ने एनजीओ से अर्थ (Say Earth) के साथ मिलकर 600 देशी प्रजातियों के पौधे लगाए। परियोजना में रबूपुरा नगर पंचायत एवं स्थानीय प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।करीब 6.7 एकड़ में विकसित किए जा रहे बायोडायवर्सिटी पार्क में तीन तालाब, तीन नेस्टिंग आइलैंड, 5,000 देशी पेड़-पौधे, पैदल मार्ग, फेंसिंग, सोलर लाइट्स, सोलर एरेटर, बैठने के लिए बेंच एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।पार्क को विशेष रूप से सारस क्रेन सहित स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों और अन्य जैव विविधता के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां बनाए गए तीनों तालाबों में सामूहिक रूप से लगभग 4 करोड़ लीटर वर्षा जल का संरक्षण किया जा सकेगा। जिससे भूजल पुनर्भरण और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को भी लाभ मिलेगा। 600 पौधों का यह पौधारोपण अभियान इस बंजर भूमि को आने वाले वर्षों में एक हरे-भरे, जल-संरक्षण आधारित और जीवंत जैव विविधता क्षेत्र में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


